Wednesday, October 10, 2012

महात्मा तैलंग स्वामी का विश्वास था- ‘भगवान यह मनुष्य शरीर बनाकर स्वयं इसमें विराजते हैं। मनुष्य जितना संसार के लिए परिश्रम करता है, उसका शतांश भी यदि भगवान के लिए प्रयत्न करे तो वह उसे प्राप्त कर सकता है। तब उस समय संसार में उसके लिए कुछ भी
असंभव नहीं रहेगा।’ वह कहते थे- ‘भगवान को प्राप्त करने के लिए साधना करनी चाहिए, उनकी भक्ति करनी चाहिए। गुरु द्वारा निर्दिष्ट मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।’

महात्मा तैलंग स्वामी लय योगी, हठ योगी और ज्ञान योगी- सभी कुछ थे। वह अपना जीवन लोककल्याण को समर्पित कर चुके थे। वह जीवन-मुक्त महात्मा थे। उनका कहना था- ‘यदि हम अपने आपको नहीं जान सकते हैं तो ईश्वर को भी नहीं जान सकते हैं। जितने दिन तक हम अपने आप को नहीं जानते हैं, उतने दिन तक चेष्टा करने पर भी ईश्वर को नहीं जान सकते हैं।’

महात्मा तैलंग स्वामी तप, साधना, उपासना पर अधिक बल देते थे। वह इसी को भक्ति कहते थे और इसे ही वह ईश्वर प्राप्ति का मार्ग बताते थे- ‘यदि ईश्वर को जानने और पाने की इच्छा है, तो उपासना करना आवश्यक है। जिनमें यह इच्छा नहीं है उनके लिए उपासना भी आवश्यक नहीं है। ईश्वर किसी की प्रशंसा के भूखे नहीं हैं।’

No comments:

Post a Comment